झारखंड के सभी 48 नगर निकायों में मतदान आज
सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक किया जा सकेगा मतदान

कुल 6288 प्रत्याशियों की किस्मत तय करेंगे 43.33 लाख वोटर, 4304 मतदान केंद्रों पर की गयी है चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
बैलेट पेपर से होगा मतदान, नोटा का विकल्प नहीं, गिनती 27 को
रांची । झारखंड में नौ नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों के लिए मेयर/ अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए सोमवार को वोट डाले जायेंगे। राज्य के शहरी क्षेत्र में रहनेवाले 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता कुल 4304 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाल सकेंगे। मतदान को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी है। रांची समेत विभिन्न जिलों के डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियां नियत पोलिंग बूथों पर पहुंच चुकी है। पुलिस प्रशासन की ओर से भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिये गये हैं। 6288 उम्मीदवार चुनाव मैदान में : जिन नौ नगर निगमों के लिए चुनाव हो रहा है, उनमें रांची, हजारीबाग, मेदिनीनगर, धनबाद, देवघर, गिरिडीह, आदित्यपुर, मानगो और आदित्यपुर शामिल हैं। इनमें नौ महापौर और 357 वार्ड पार्षद चुने जायेंगे। इनके अलावा 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में 39 अध्यक्ष और 730 वार्ड पार्षद का भी चुनाव होगा। इनमें से 16 निकायों के 38 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। केवल एक प्रत्याशी के मैदान में रहने के कारण उन्हें निर्वाची पदाधिकारियों की ओर से निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। महापौर और अध्यक्ष पद के लिए कुल 562 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिसमें 188 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड पार्षद के लिए कुल 5562 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
43.33 लाख से अधिक मतदाता
निकाय चुनाव में कुल 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 22 लाख 07 हजार 203 पुरुष और 21 लाख 26 हजार 227 महिला मतदाता शामिल हैं। कुल 144 थर्ड जेंडर मतदाता भी वोट डालेंगे। इनके लिए 2129 भवनों में 4304 मतदान केंद्र बनाये गये हैं।
सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान
स्थानीय निकाय के लिए मतदान 23 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतदान बैलेट पेपर से होगा, जिसमें नोटा का विकल्प नहीं होगा। मतगणना 27 फरवरी को होगी।
पोलिंग पार्टियां पहुंचीं मतदान केंद्रों पर
निकाय चुनाव में मतदान को लेकर रविवार को डिस्पैच सेंटरों से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। देर शाम तक ये पोलिंग पार्टियां निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच गयी हैं। मतदान केंद्रों पर दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। उपायुक्तों ने डिस्पैच सेंटरों की संपूर्ण व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता काउंटर तथा नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। डिस्पैच के पूर्व जिला निर्वाचन पदाधिकारियों ने सभी पोलिंग पार्टियों को ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र के अंदर किसी के भी मोबाइल ले जाने पर पूर्ण रूप से रोक है। यह आप सभी सुनिश्चित करें। मतदान प्रारंभ करने के संबंध में जारी राज्य निर्वाचन आयोग के सभी नियमों का पालन करें। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट पोलिंग पार्टी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित रखें, ताकि आपस में संवाद करने में सहूलियत हो।
पूरे राज्य में शराब की बिक्री पर रोक
निकाय चुनाव के मद्देनजर पूरे राज्य में शनिवार शाम से शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध सोमवार शाम को मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने तक लागू रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारियों को हर दो घंटे पर राज्य निर्वाचन आयोग को स्थिति रिपोर्ट भेजनी होगी, ताकि किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। इस बार के नगर निकाय चुनाव कई मायनों में अहम माने जा रहे हैं।

