
प्रत्याशियों ने अपने-अपने बूथों पर किया मतदान
बलराम शर्मा
गढ़वा। जिले के तीन निकाय क्षेत्रों में सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में मतदान को लेकर सभी आयु वर्ग के मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। पुरुषों के मुकाबले महिलाएं मतदान में सबसे आगे दिखीं। मतदान को लेकर युवाओं का उत्साह देखते ही बना रहा था। वृद्ध, दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपने बुध पर पहुंचकर मतदान किया। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही मतदाताओं का जोश देखने को मिला। लोग अपने घरों से निकल कर मतदान के लिए अपने-अपने बूथों पर पहुंचने लगे थे। बहुत से लोगों ने पहले मतदान फिर जलपान के स्लोगन का पालन करते हुए मतदान किया। विभिन्न बूथों पर वोटरों की कतार देखने को मिली।

लोगों ने कतारबद्ध होकर मतदान किया। कई स्थानों मतदान करने के लिए लंबी कतार देखी गई, जो निर्धारित समय सीमा के पहले से लाईन में खड़े थे। डीएवी मध्य विद्यालय गढ़वा बूथ पर सुबह सात बजे से ही मतदाता कतारबद्ध होने लगे थे। जबकि, जीएन कांवेंट स्कूल गढ़वा, फ्रेंडस क्लब, डीएवी माडल स्कूल गढ़वा बूथ पर सुबह आठ बजे के बाद मतदाताओं की भीड़ आने लगी। शालीग्राम मध्य विद्यालय गढ़वा स्थित दो बूथों में महिला एवं पुरूष मतदाता लगातार वोट कर रहे थे। ऊंचरी स्थित भारतीय शिक्षा निकेतन स्कूल एवं डॉ यासिन मिल्लत कालेज, प्राथमिक विद्यालय नगवां आदि बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिली। वहीं सहिजना में स्थित बूथों में लोग शांतिपूर्ण तरीके से वोट करते देखे गए। मध्य विद्यालय टंडवा एवं आस पास के मतदान केंद्रों पर अफरातफरी की स्थिति देखने को मिली। कई बार लोग पुलिस के गैर जिम्मेदाराना रवैया से क्षुब्ध होकर पुलिस के पदाधिकारियों से बहस करते देखे गए। टंडवा मुहल्ले में बूथ के नजदीक प्रत्याशी का स्टॉल होने का आरोप लगाते हुए अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने वहां की कुर्सी टेबल को फेंकवा दिया। दूसरी ओर, मतदान को लेकर आसपास की दुकानों को भी बंद करवा दिए। रामा साहू उच्च विद्यालय गढ़वा, केंद्रीय विद्यालय के पुराने भवन सहित अन्य बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। इसके साथ ही प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गए हैं। 27 फरवरी को मतगणना में खुलासा हो सकेगा, कि किसने कहां से जीत दर्ज की है। वहीं, अधिकारियों की मानें, तो गढ़वा नगर परिषद के लिए लगभग 64 फीसदी, मतदान हुआ है। जबकि, बंशीधर नगर में 63 फीसदी और मझिआंव नगर पंचायत में 64 फीसदी से अधिक मतदान हुए हैं।
प्रत्याशियों ने अपने-अपने बूथों पर किया मतदान
गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने अपने-अपने केंद्रों पर जाकर मतदान किया। अध्यक्ष प्रत्याशी अलखनाथ पांडेय, आशीष सोनी, संतोष केशरी, कंचन जायसवाल, मासूम राजा सहित अन्य प्रत्याशियों ने पहले मतदान किया। इसके बाद दिन भर अपने समर्थकों के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर अपनी स्थिति का जायजा लेते रहे।
श्री बंशीधर नगर में मतदाताओं ने बढ़ाई प्रत्याशियों की धड़कनें
श्री बंशीधर नगर पंचायत चुनाव में मतदाताओं की खामोशी अंतिम क्षणों तक बनी रही। जिसने प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनों को बड़ा दिया है। बताते चलें कि श्री बंशीधर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के के लिए कुल 10 प्रत्याशी मैदान में है। अंतिम क्षणों तक किसी विशेष प्रत्याशी के पक्ष में मतदाता का रुझान स्पष्ट नजर नहीं आया। जीत के दावे सभी लोग कर रहे हैं। इस बीच मतदाताओं की खामोशी प्रत्याशियों की धड़कनों को बढ़ाए हुए हैं। चुनाव आयोग के अधिकारियों की मानें तो शाम पांच बजे तक श्री बंशीधर नगर पंचायत अंतर्गत कुल 63.07 फीसदी मतदान होने की सूचना दी गई। इसके पूर्व सभी प्रत्याशियों ने अपने अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर जाकर वोट दिया और जीत का दावा भी किया। उधर, चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन के वरीय अधिकारी मुस्तैद नजर आए। गढ़वा के डीसी एवं एसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर विधि व्यवस्था की जानकारी ली। वहीं, विधायक अनंत प्रताप देव, पूर्व विधायक राज राजेंद्र प्रताप देव, बंशीधर मंदिर के समीप किसान भवन में मतदान किए।
मझिआंव में धीमी शुरुआत के बाद भी 64.44 फीसदी हुआ मतदान
नगर परिषद क्षेत्र के सभी 12 वार्ड में अपने निर्धारित समय सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराए जाने को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई थी। शुरूआती दौर में मतदान प्रतिशत में तेजी रही। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद मतदान प्रतिशत धीरे-धीरे कम होता गया। मतदान को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। नपं क्षेत्र में कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

जिसमें 15266 मतदाताओं द्वारा अपने मत का प्रयोग किया जाना था। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। इन सभी मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की संख्या 5302 और पुरुषों मतदाताओं की संख्या 4522 (कुल 9824) रही। इस तरह कुल 64.44 फीसदी मतदान हुआ। चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से कराए जाने को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी सह नगर निकाय चुनाव के अध्यक्ष संजय कुमार पूरी तरह मुस्तैद दिखे। वे मतदान से संबंधित जयजा लेते रहें। नगर निकाय चुनाव संपन्न कराया जाने को लेकर वार्ड नंबर एक से लेकर चार तक आरो श्रीमती कनक, वार्ड नंबर 5 से लेकर 8 तक आरो शिवपूजन तिवारी एवं वार्ड नंबर 9 से लेकर 12 तक आरो राजेश कुमार एवं कांडी बीडीओ राकेश सहाय थे। इधर, प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भय मुक्त मतदान कराए जाने को लेकर डीएसपी रोहित रंजन सिंह एवं पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार, सभी मतदान केंद्रों पर भ्रमण कर रहे थे।



