एसडीएम ने नप चुनाव के मद्देनजर गढ़वा शहर के समीप पूर्ति क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए छापेमारी अभियान

अवैध महुआ शराब की दो मिनी फैक्ट्री किया ध्वस्त, करीब डेढ़ टन अर्धनिर्मित महुआ जावा शराब एवं उपकरण विनष्ट
गढ़वा । सदर एसडीएम संजय कुमार ने नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर शहरी क्षेत्र की निकटवर्ती क्षेत्र में शनिवार की शाम में अवैध महुआ शराब के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया। उसी क्रम में गढ़वा के निकटवर्ती लगमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए समीपवर्ती बस्ती बनखेता में संचालित अवैध महुआ शराब की एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। छापेमारी के दौरान मौके पर दो भट्ठियां सक्रिय अवस्था में पाई गईं। शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्ठियां, ड्रम, पाइप तथा अन्य उपकरणों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही लगभग 14 क्विंटल अर्द्ध निर्मित जावा महुआ को मौके पर नष्ट किया गया।एसडीएम की टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध कारोबारी मौके से फरार हो गए। हालांकि स्थानीय लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि उक्त अवैध कारोबार लंबे समय से पिंटू मेहता नामक व्यक्ति द्वारा कुछ सरकारी कर्मियों की मिलीभगत से संचालित किया जा रहा है। बीच बस्ती के पास खुलेआम संचालित इस प्रकार की अवैध गतिविधि लंबे समय से किस परिस्थिति में चल रही है इसको लेकर जिला उत्पाद विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित थाना प्रभारी से कारण पृच्छा किया जा रहा है। संबंधित अवैध कारोबारी और उसके पूरे नेटवर्क की जांच कर विधि सम्मत अग्रेतर कार्रवाई करने के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध संबंधित विभागीय कर्मी एवं स्थानीय पुलिस की प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहे।


