टॉप न्यूज़

बाल विवाह मुक्ति रथ के साथ जन-अभियान का शुभारंभ

डीडीसी ने हरी झंडी दिखाकर ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को किया रवाना

गढ़वा । सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में एक सशक्त पहल करते हुए गढ़वा जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को समाहरणालय परिसर से ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को रवाना किया गया। उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा द्वारा जागरूकता रात को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान एवं एसोसिएशन फॉर वालंटरी एक्शन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रज़ा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज सहित जिला शिक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग के अन्य अधिकारियों ने हस्ताक्षर कर बाल विवाह जैसी कुरीति के विरुद्ध अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर एवं दंडनीय अपराध है, जिसे जड़ से समाप्त करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता, शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस मुहिम से जुड़कर बाल विवाह मुक्त गढ़वा के संकल्प को साकार करना होगा। ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ जिले के सभी प्रखंडों, थानों, पंचायत सचिवालयों तथा प्रमुख हाट-बाजारों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए शपथ दिलाई जाएगी तथा हस्ताक्षर अभियान चलाकर समुदाय को जागरूक एवं सहभागी बनाया जाएगा। कार्यक्रम में एसोसिएशन फॉर वालंटरी एक्शन के दीपक कुमार पाठक, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के सभी कर्मी तथा अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह अभियान न केवल बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के विरुद्ध चेतना जगाएगा, बल्कि गढ़वा को एक जागरूक, शिक्षित और सशक्त समाज की दिशा में अग्रसर करने का सशक्त माध्यम भी बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!