गोंदा में पैक्स गोदाम निर्माण स्थल का ग्रामीणों ने किया विरोध
जांच करने गए अधिकारियों ने ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए निर्माण कार्य को कराया बंद

पेटी कॉन्टैक्टर और मुखिया पति ने अधिकारियों के आने के बाद पुनः चालू कराया काम, ग्रामीणों में आक्रोश
मेराल । प्रखंड के गोंदा पंचायत भवन के निकट पैक्स गोदाम निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भरी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि गोदाम का निर्माण देव स्थल और छठ घाट के पास पंचायत भवन के पास कराया जा रहा है जहां का पहुंच पथ ग्रामीण सड़क है। पैक्स गोदाम बन जाने से यहां बड़ी गाड़ियों के आवा जाहि के साथ-साथ छठ महापर्व तथा सूर्य मंदिर निर्माण नहीं हो पाएगा। बीडीसी कृष्ण देव प्रजापति ने बताया कि बिना आमसभा किए यहां जबरदस्ती पैक्स गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है जबकि दवाकरा भवन जो चौड़ी सड़क किनारे है जहां पर 75 डिसमिल तथा बाना महुआ के पास पर्याप्त गैर मजरूआ जमीन उपलब्ध है। ग्रामीणों द्वारा उक्त निर्माण कार्य दूसरे स्थल पर करने को लेकर डीसी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सीओ तथा थाना प्रभारी को आवेदन देकर देव स्थल पर हो रहे निर्माण रोकने की मांग की गई थी। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में बुधवार को अंचलाधिकारी द्वारा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी हाशिम अंसारी, प्रभारी कृषि पदाधिकारी रामनाथ चौधरी, कर्मचारी संजीव कुमार तथा अमीन रविकांत पांडे को स्थल पर जांच के लिए भेजा गया। इसकी जानकारी मिलते ही निर्माण स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हो गए तथा निर्माण कार्य को तत्काल रोकने का मांग करने लगे।

ग्रामीणों द्वारा हंगामा करने की सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी थाना पुलिस के साथ स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की तथा मुखिया पति सुरेंद्र गोस्वामी से तत्काल निर्माण कार्य को बंद करने का निर्देश दिया। अंचलाधिकारी द्वारा बताया गया कि वहां की वस्तु स्थिति से जिला सहकारिता पदाधिकारी को अवगत करा दिया गया है, निर्माण कार्य करने अथवा स्थल बदलने की कार्रवाई जिला स्तर पर की जाएगी। इधर जानकारी के अनुसार अधिकारियों के आने के बाद मुखिया पति द्वारा पुनः निर्माण कार्य को प्रारंभ करा दिया गया, जिसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। अगर इस पर जल्द ठोस पहल नहीं किया गया तो कभी भी हिंसक घटना हो सकती है।
