गढ़वा नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आजसू का जनाक्रोश धरना प्रदर्शन
गढ़वा नगर परिषद में व्यापक भ्रष्टाचार पर जांच नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण, भ्रष्ट पदाधिकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए : पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस

आंदोलन की उपज है आजसू पार्टी, भ्रष्टाचार के खिलाफ चलता रहेगा लड़ाई : दीपक शर्मा
गढ़वा । आजसू पार्टी की ओर से मंगलवार को शहर रंका मोड़ पर गढ़वा नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जनाक्रोशपूर्ण धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। उसके साथ ही मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जल संसाधन एवं पेयजल स्वच्छता विभाग रामचंद्र सहिस ने कहा कि नगर परिषद में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ लेकिन आज तक किसी तरह की जांच नहीं हो रही है। शहर के तमामकचड़ा को नदी में डाला जा रहा है। उससे प्रदूषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के पदाधिकारी द्वारा मनमानी तरीके से कैसर हिंद की जमीन पर 84 दुकानें बनाकर 15-15 लाख रुपए में बेच दिया गया। दो लाख की लागत से लगने वाला स्वागत बोर्ड को 16 लाख रुपए में खरीदा जाना व्यापक भ्रष्टाचार को प्रदर्शित कर रहा है।

जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि आजसू पार्टी की उपज ही आंदोलन से हुआ है। हम लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि बसस्टैंड और बाजार के मैदान में अवैध दुकानों का निर्माण कर 15-15 लाख रुपए में बेचा गया। शहर में वेस्ट प्रबंधन के नाम पर 2 लाख के सेड को 15 लाख में बनाया गया। उन्होंने कहा कि 2000 में ड्रम खरीद कर 28 हजार रुपए की निकासी कर ली गई। इतना बड़ा भ्रष्टाचार होने के बाद भी आज तक पदाधिकारी के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उक्त मामले में उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। दोषी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों पर एफआईआर दर्ज करते हुए कार्रवाई होना चाहिए था, लेकिन आज तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई।
मौके पर चंपा देवी, गुप्तेश्वर ठाकुर, चंद्रशेखर सिंह छोटू, गढ़वा जिला प्रभारी विकेश शुक्ला, केंद्रीय सचिव इम्तियाज अहमद नजमी, लातेहार जिला अध्यक्ष अमित कुमार पांडे, पलामू जिला अध्यक्ष दिलीप चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष संतान मेहता, कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी शुक्ला, केंद्रीय सदस्य रवींद्रनाथ शर्मा, नंदू ठाकुर सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।


