गढ़वा के बेलचंपा में बीती रात्रि एक सड़क हादसा में चार लोगों की हुई दर्दनाक मौत
सगाई समारोह से लौट रहे थे एक ही परिवार के लोग

गढ़वा । सदर थाना क्षेत्र के गढ़वा-रेहला मुख्य मार्ग पर रविवार की देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बेलचंपा गांव के पास उस समय हुआ, जब सामने से आ रहे एक अज्ञात हाईवा ने स्कॉर्पियो वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवकों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान की गई जिसमें लवर पांडु के नरेंद्र कुमार पासवान (30 वर्ष) पिता लखन पासवान, जितेंद्र पासवान (28 वर्ष) पिता शंभु पासवान, बादल पासवान (20 वर्ष) पिता मनोज पासवान, निवासी भंडार विश्रामपुर तथा बिक्की कुमार (18 वर्ष) पिता अशोक पासवान शामिल है। एक ही परिवार के चार युवकों की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार सभी युवक स्कॉर्पियो से जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई समारोह में शामिल होकर बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव से लौट रहे थे। घर वापसी के दौरान बेलचंपा गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे कुछ दूर पर एक मकान के पास चला गया। स्कॉर्पियो वाहन बुरी तरह पिचक जाने के कारण सभी युवक गाड़ी में अंदर ही फंसे रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कटर मशीन की सहायता से वाहन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को गाड़ी से बाहर निकाल कर सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया। हादसे के बाद पुलिस उस हाईवे ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।



