विज्ञान प्रदर्शनी में दिखी नन्हे वैज्ञानिकों की कल्पनाशीलता
विज्ञान ही जीवन का आधार है : मदन प्रसाद केशरी

गढ़वा । शहर के जीएन कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नन्हे वैज्ञानिकों ने विज्ञान प्रदर्शनी में दिखाई अपनी प्रतिभा कौशल। प्रयोग ही वह कसौटी है, जो वैज्ञानिक सत्य को कल्पना से अलग करती है। बुधवार को स्कूल में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शित करते हुए एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी कार्यक्रम की शुभारंभ विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद मदन प्रसाद केशरी एवं उपप्राचार्य बसंत ठाकुर द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करने के पश्चात फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर निदेशक श्री केशरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान ही जीवन का आधार है। आज का युग विज्ञान का युग है और ऐसे आयोजनों से बच्चों में छिपी प्रतिभा और उनकी जिज्ञासा को एक सही मंच मिलता है। उनमें नवाचार का प्रयोग की कौशलता आती है।

विज्ञान प्रदर्शनी की उपयोगिता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों में अनुसंधान और अन्वेषण की भावना को बढ़ावा देती है। इसके माध्यम से वह अपनी समस्याओं का समाधान खोजने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण का उपयोग करना सीखते हैं। इसके अलावा यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को टीम वर्क, संचार कौशल और सार्वजनिक प्रदर्शन की कला भी सीखाता है। प्रदर्शनी शुरू होते ही विभिन्न विद्यार्थियों ने अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने सौर ऊर्जा, अंतरिक्ष उपग्रह, जल विद्युत, जनरेटर, स्वचालित ट्रांसफार्मर, रिमोट मॉडल, स्मार्ट सिटी, फायर स्टेशन, सिक्योरिटी हाउस आदि का बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया।

अभिभावकों ने भी प्रदर्शित विभिन्न मॉडलों को देखा और भूरी-भूरी प्रशंसा की। निरीक्षण के क्रम में प्रत्येक बच्चों से प्रोजेक्ट एवं प्लान के विषय पर बच्चों पूछताछ किया गया, बच्चों ने बड़े ही आत्मबल के साथ अपने मॉड्यूल पर संतोष जनक जवाब दिया। वहीं विज्ञान शिक्षकों में वीरेंद्र शाह, मुकेश भारती, शालिनी कुमारी आदि ने विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा दिए गए विवरणों का मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को निदेशक द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन कृष्ण कुमार के द्वारा जबकि उपस्थित विभागों में विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन संतोष प्रसाद द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक नीरा शर्मा, दिनेश कुमार, विकास कुमार, नीलम कुमारी, चंदा कुमारी, श्वेता कुमारी, वर्षा कुमार,शिवानी कुमारी, सुनीता कुमारी, पूजा प्रकाश एवं जूनियर वर्ग इंचार्ज खुर्शीद आलम की भूमिका सराहनीय रही।



