पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह की मनाई पुण्यतिथि
विश्वकर्मा समाज के गौरव थे पूर्व राष्ट्रपति स्व. ज्ञानी जैल सिंह : सुरेंद्र विश्वकर्मा

गढ़वा । झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज जिला कमेटी गढ़वा द्वारा गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह की पुण्यतिथि समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र विश्वकर्मा के टंडवा आवास पर मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों द्वारा स्वर्गीय ज्ञानी जैल सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि तथा माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

इस अवसर पर सुरेंद्र विश्वकर्मा ने देश के सातवें राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बहुत गरीब परिवार में जन्म लेने के बाद भी अपनी संघर्षशीलता और कर्मठता के दम पर पंजाब के मुख्यमंत्री पद को सुशोभित किया, जहाँ उन्होंने हरित क्रांति को बढ़ावा दिया और भू-सुधार लागू किए, बाद में वे भारत के सातवें राष्ट्रपति भी बने, जो उनके असाधारण राजनीतिक सफर और जन-सेवा के समर्पण को दर्शाता है। श्री विश्वकर्मा ने स्वर्गीय जैल सिंह को समाज का गौरव बताते हुए उनकी जीवनी से प्रेरणा लेकर अपने समाज को आगे बढ़ाने पर बल दिया। श्रद्धांजलि सभा में आनंद विश्वकर्मा, उमेश विश्वकर्मा, आशुतोष विश्वकर्मा, रंजीत विश्वकर्मा, मनोज विश्वकर्मा, राम मिलन विश्वकर्ण, बाबू लोहार, शिवनाथ विश्वकर्मा, मनोज विश्वकर्मा आदि लोग शामिल थे।



