नववर्ष के आगमन पर अन्नराज डैम सैलानियों के लिए तैयार
सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के साथ बोटिंग सेवा बहाल, तैराकी पर पूर्ण प्रतिबंध
गढ़वा । नववर्ष के आगमन पर पर्यटकों के लिए अन्नराज डैम तैयार है। सैलानियों का लगने वाला संभावित भीड़ एवं पूर्व में घटित डूबने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अन्नराज डैम क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इस क्रम में पूर्व में जारी प्रतिबंधात्मक आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए सशर्त रूप से बोटिंग/स्टीमर सेवा को बहाल किया गया है।

इस संबंध में सदर एसडीओ संजय कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जाता है तथा इसका उद्देश्य पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पूर्व में घटित अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पर्यटकों के लिए बोटिंग/स्टीमर सेवा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के साथ बहाल करने का निर्देश दिया गय

एसडीओ ने स्पष्ट किया कि बोटिंग सेवा का संचालन केवल सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए ही किया जाएगा। इसके तहत बोटिंग के दौरान लाइफ जैकेट की अनिवार्यता, प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता, सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सावधानियों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

एसडीओ ने यह भी कहा कि डैम क्षेत्र में तैरने, कूदने, नहाने अथवा किसी भी प्रकार की खतरनाक गतिविधियों पर लगाया गया प्रतिबंध पूर्ववत प्रभावी रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नववर्ष के अवसर पर अन्नराज डैम पहुंचने वाले सभी पर्यटकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए जारी निर्देशों का पूर्ण रूप से अनुपालन करें।