गढ़वा के डीडीसी की पुत्री श्रुति मिश्रा बनीं मिस महाराष्ट्र फर्स्ट रनर-अप
गढ़वा जिले के पदाधिकारीयों और शुभचिंतकों ने बधाई और शुभकामनाएं दी

गढ़वा । डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा की होनहार पुत्री श्रुति मिश्रा (22 वर्ष) ने गोवा में आयोजित मिस एंड मिसेज महाराष्ट्र प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुये मिस महाराष्ट्र फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल स्वयं बल्कि पूरे झारखंड की प्रतिभा और रचनात्मकता को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता कारा फाउंडेशन द्वारा आयोजित की गई थी, जिसकी संस्थापक जोया सिराज शेख (मिसेज यूनिवर्स रनर अप) हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक ताज विवांता गोवा में हुआ, जिसमें देशभर से चयनित 12 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में एलेना मैक्सीमोवा (मिसेज यूनिवर्स 2022), अभिनेत्री हिना खान और जोया सिराज शेख जैसी विशिष्ट हस्तियां मौजूद रहीं। अभिनेत्री हिना खान ने स्वयं मंच पर श्रुति मिश्रा को क्राउन पहनाया। ज्ञात हो कि श्रुति मिश्रा गढ़वा के डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा की पुत्री हैं तथा मूल रूप से बोकारो स्टील सिटी, झारखंड की निवासी हैं। वर्तमान में वे पुणे में बीबीए एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। शिक्षा के साथ-साथ उन्हें मंच कला, व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक गतिविधियों में विशेष रुचि रही है। श्रुति ने आत्मविश्वासपूर्ण मंच संचालन, संतुलित व्यक्तित्व, प्रभावशाली रैम्प वॉक और गरिमामयी प्रस्तुति के माध्यम से निर्णायक मंडल को गहराई से प्रभावित किया। श्रुति मिश्रा की इस उपलब्धि से गढ़वा, बोकारो सहित पूरे झारखंड में खुशी की लहर है। उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण और शिक्षा से जुड़े सामाजिक कार्यों में योगदान देने की इच्छा जताई है। बेटी की इस सफलता पर डीडीसी पीएन मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त की है। वहीं एसडीएम संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों, शुभचिंतकों एवं परिचितों ने श्रुति मिश्रा को बधाई और शुभकामनाएं दी है।



