धान खरीदने के लिए पैक्स अध्यक्षों, कृषि एवं सहकारिता के साथ बीडीओ ने की बैठक
विधायक प्रतिनिधि ने एक दिन पूर्व प्रखंड में धान क्रय केंद्र चालू करने का किया था मांग

मेराल । प्रखंड सभागार में बुधवार को बीडीओ यशवंत नायक ने धान अधिप्राप्ति को लेकर पैक्स अध्यक्षों तथा कृषि एवं सहकारिता पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें पैक्स अध्यक्षों को धान अधिप्राप्ति से सबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। पैक्स गोदामों पर धान की खरीदारी शुरू होने से संबंधित बैनर लगाने, माप तौल, धान खरीददारी की पंजी तैयार करने, पंजी को अद्यतन रखने आदि का निर्देश दिया गया। सभी अध्यक्षों को डीएम एसएफसी से एग्रीमेंट करा कर 20 दिसंबर से पहले किसानों से धान की खरीदारी सरकारी मुल्य पर करने को कहा गया। इससे पहले सभी पैक्स अध्यक्ष को निर्देश दिया कि अपने अपने गोदाम का साफ सफाई एवं धान रख रखाव की बेहतर ढंग से बोरी को रखने को कहा। बैठक में सीओ यशवंत नायक, प्रभारी बीएओ रामनाथ चौधरी, बीसीईओ हाशिम अंसारी, बीटीएम प्रवीण मिश्रा, जनसेवक तौहीद आलम, दिलीप रजक, पैक्स अध्यक्ष नुरुलहोदा अंसारी, दिवाकर यादव, आशीष चौबे, इंदेश पांडे शामिल थे।

बता दें कि एक दिन पूर्व प्रखंड विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन ने बीडीओ को पत्र लिखकर प्रखंड में धान क्रय केंद्र चालू करने का आग्रह किया था। लिखे गए पत्र में कहा गया था कि मेराल प्रखण्ड में अब तक धान क्रय केन्द्र नहीं खुलने से किसानों के द्वारा लागातार शिकायत प्राप्त हो रही है। सरकार के घोषणा के अनुरूप सभी जगहों पर 15 दिसंबर से धान क्रय करना सुनिश्चित करना था। जिले में कई जगहों पर धान क्रय शुरू हो गया है जबकि मेराल प्रखण्ड मुख्यालय में अब तक कुप्रबंधन के कारण शुरू नहीं किया गया है, जिससे किसान विवश एवं लाचार हैं। सभी क्रय केन्द्रों पर क्रमशः निबंधित किसानों को एसएमएस कर धान क्रय करना सुनिश्चित कराया जाय जिससे सभी किसानों का धान क्रय आसानी से हो सके।

