24 वें अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का डीसी ने किया उद्घाटन
कहा - लक्ष्य प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कड़ी मेहनत करनी चाहिए
प्रतियोगिता में 53 टीमें ले रहीं है भाग
गढ़वा : 24 वीं गढ़वा जिला अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ गोविंद हाईस्कूल के मैदान में किया गया। जिसका उद्घाटन डीसी दिनेश कुमार यादव, एसपी अमन कुमार, प्रतियोगिता के संरक्षक अलखनाथ पांडेय, अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी, सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

उस मौके पर डीसी श्री यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को अपना लक्ष्य स्पष्ट रूप से निर्धारित करना चाहिए और उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता बिना परिश्रम के संभव नहीं है। खेल में प्रतिस्पर्धा एक स्वाभाविक और आवश्यक प्रक्रिया है, जिससे प्रतिभा निखरती है। डीसी ने कहा कि 24 वर्षों से लगातार इस प्रतियोगिता का आयोजन होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है, इसके लिए आयोजक टीम बधाई की पात्र है।

यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराती है, जहां वास्तविक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती है और जो बेहतर प्रदर्शन करता है वही आगे बढ़ता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। एसपी अमन कुमार ने कहा कि खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि जीवन में आने वाली चुनौतियों और समस्याओं से निपटने की क्षमता भी विकसित करता है।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने की अपील करते हुए कहा कि हार और जीत दोनों से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्कूली स्तर पर इतनी बड़ी प्रतियोगिता बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक नया आयाम प्रदान करती है। प्रतियोगिता के संरक्षक अलखनाथ पांडेय ने खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर खेल खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल मानव के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी आज राज्य में सबसे अधिक टैक्स देने वालों में शामिल हैं और यह मुकाम उन्होंने खेल के माध्यम से हासिल किया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रतियोगिता के अध्यक्ष मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि यह आयोजन केवल गढ़वा जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह प्रतियोगिता लगातार 23 वर्षों से सफलता पूर्वक संचालित हो रही है। वहीं सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने बताया कि 24 वर्षों से आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता पूरे झारखंड में स्कूली स्तर पर क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला है। इसे क्रिकेट का “महाकुंभ” बताते हुए कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 53 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 848 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष सियाराम शरण वर्मा ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अशोक दुबे, अशोक विश्वकर्मा, संजय सोनी, सुशील केशरी, सिस्टर रोशना, नंद कुमार गुप्ता, पंकज सिंह, चंद्रभूषण सिन्हा, मुजीबुद्दीन खान, जितेंद्र सिंह, अनिल विश्वकर्मा, प्रिंस सोनी, गजेंद्र साहू, नवल जी, अभिषेक द्विवेदी, कमलेश कुमार दुबे, रोहन तिवारी, मनीष उपाध्याय, मनोज तिवारी, प्रिंस खान, प्रफुल, अमित उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और खेल प्रेमी उपस्थित थे।




